संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। पुलिस ने गाड़ियों की बैटरियां चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी गांव निखरी निवासी योगेश व ईश्वर है।
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 7 सितंबर को गुरुग्राम के मॉडल टाउन निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उनका दिल्ली गुजरात फ्लीट कैरियर्स के नाम से दफ्तर धारूहेड़ा के प्लॉट नंबर 16 में स्थित है। रात करीब 2 बजे चोरों ने उनके प्लॉट और खटावली पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से बैटरियां चोरी की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई की और घटना में शामिल दोनों आरोपियों योगेश व ईश्वर को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दो बैटरियां बरामद कर ली हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।