भिवाड़ी। पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की है। घटाल निवासी राजदीप उर्फ राजू और हिस्ट्रीशीटर मोहनसिंह उर्फ मोनी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर एक कंपनी में घुसकर गार्ड से मारपीट, अवैध वसूली और चोरी के प्रयास का आरोप है।
पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चौधरी ने बताया कि राजदीप के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 मामले दर्ज हैं। उसका भाई मोहनसिंह भी हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने छत से कूदकर भागने का प्रयास किया। कांस्टेबल गोपीचंद और राजेंद्र ने उन्हें पकड़ लिया।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से आरोपियों की पहचान की थी। ये दोनों भाई संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं। वे नकबजनी, चोरी, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। दोनों तावडू थाना क्षेत्र की तीन वारदात में भी वांछित थे। भिवाड़ी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई की रात रीको फेज-1 स्थित सर्वेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बदमाश घुसे थे। आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड को डराया, लोहे की रॉड से हमला किया और स्क्रैप चोरी की धमकी दी। उन्होंने गार्ड को गोली मारने की भी धमकी दी थी। पूछताछ में आरोपियों ने 20 जुलाई को याजाकी कंपनी के पास मोबाइल लूट की वारदात भी स्वीकार की है।