राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कसौला थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस जसलीन कौर छात्राओं से रूबरू हुईं। 2019 बैच में 152वां स्थान हासिल करने वाली इस आईपीएस अधिकारी ने विद्यालय की छात्राओं को आत्म सुरक्षा के गुर सिखाते इनको महिलाओं के विरुद्घ अपराधों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में यंगमैन एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित स्वामी, आरसीसीआई के चेयरमैन एसएन शर्मा, महासचिव अनुराधा यादव, रतिराम, प्रदीप नारायण, प्राचार्य डॉ. अशोक यादव आदि शामिल हुए। कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. सरोज यादव एवं स्टाफ सचिव ममता जांगिड़ ने अतिथियों का सम्मान किया। आईपीएस जसलीन ने विद्यालय में निर्मित नए स्टाफ रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्रों को कहा कि हम सतत प्रयास और सच्ची लगन से किसी भी कार्य को करते हैं तो हमें सफलता मिलनी निश्चित है। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इस विद्यालय के श्रेष्ठ शिक्षक व शिक्षिकाओं को सम्मान भी दिया गया। इनमें हिंदी साहित्य की प्रवक्ता मंजू यादव, संस्कृत प्रवक्ता संयोगिता यादव, इतिहास प्रवक्ता सोनू मनोचा, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता शक्ति सिंह, राजकीय उच्च विद्यालय तिहाड़ा से पन्ना लाल और फतेह सिंह शामिल रहे।