रेवाड़ी। शहर में सर्कुलर रोड समेत मुख्य बाजारों और सड़कों के किनारे वाहनोें की अवैध पार्किंग से सड़कें सिकुड़ गई हैं जिससे आए दिन जाम लगता है। बेतरतीब खड़े वाहनों से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है।
शहर के मॉडल टाउन, शिव चौक, ब्रास मार्केट, रेलवे रोड, कानोड गेट, बस स्टैंड क्षेत्र सहित अन्य व्यस्त इलाकों में सड़क की पटरियों पर आड़े तिरछे वाहनों की पार्किंग से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वाहन चालक सड़क के किनारे ही नहीं बल्कि बीच सड़क पर भी वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम लग जाता है। खासकर बाजारों में दिन के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है जब खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन कहीं भी खड़ा कर देते हैं।
ब्रास मार्केट में स्थिति बस स्टैंड जैसी नजर आती है। यहां दुकानों के सामने और सड़क पर घंटों वाहन खड़े रहते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत होती है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन जाम में फंस जाते हैं।
नगर परिषद नहीं बनवा पाई पार्किंग
शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है जबकि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है। नगर परिषद ने कई बार पार्किंग बनाने की योजना तैयार की लेकिन योजनाएं सिरे नहीं चढ़ सकीं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कई निजी संस्थानों, दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालक अपनी दुकानों के बाहर वाहनों की पार्किंग करवाते हैं जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है।
प्रशासन की ढिलाई से बढ़ी समस्या
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन की ओर से अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण लोग जहां मर्जी वाहन खड़ा कर देते हैं। नियमों का पालन न होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए और शहर में सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए। साथ ही प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
वर्जन
शहर में पार्किंग बनाने के लिए नगर परिषद को कई बार पत्र लिखे गए लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस जहां-जहां बेतरतीब खड़े किए गए वाहनों के चालान करती है।- तारा चंद, थाना प्रभारी, ट्रैफिक।
कानोड गेट के पास एक निजी अस्पताल के बाहर रोड पर खड़े वाहन। संवाद