रेवाड़ी। मसानी गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के आधुनिक भवन और कर्मचारियों के आवास का निर्माण 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस परियोजना पर 6 करोड़ 4 लाख 17 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
मसानी में वर्ष 2011 से पीएचसी किराये के भवन में संचालित हो रहा है। अस्थायी व्यवस्था होने के कारण मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण, सरपंच और जनप्रतिनिधि लंबे समय से स्थायी भवन निर्माण की मांग उठा रहे थे।
नया पीएचसी भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें आपातकालीन चिकित्सा सेवा, प्रसव सुविधा, टीकाकरण और सामान्य बीमारियों के उपचार की व्यवस्था रहेगी। साथ ही कर्मचारियों के लिए आवास बनने से चिकित्सक गांव में ही उपलब्ध रहेंगे और लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2017 में ढाई एकड़ भूमि पर नए भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी किया था। शुरुआती वर्षों में निर्माण कार्य चलता रहा लेकिन बजट की कमी के चलते पिछले पांच वर्षों से काम बंद पड़ा था।
ग्राम पंचायत मसानी ने लगातार स्वास्थ्य विभाग से पत्राचार किया और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मिलकर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग रखी। अब सरकार द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने के बाद कार्य फिर गति पकड़ चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन बनने से न केवल मसानी गांव बल्कि आसपास के गांवों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
वर्जन
पीएचसी भवन और स्टाफ आवास के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को ज्ञापन सौंपे गए थे। दोनों नेताओं के प्रयास से बजट मंजूर हुआ है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। - संजू यादव, सरपंच, मसानी।