संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों के 22 पंचों, एक सरपंच व एक सदस्य पंचायत समिति के रिक्त पद पर उपचुनाव के लिए नामांकन 30 मई को सुबह 10 बजे से 3 बजे तक होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) व डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव का नामांकन 30 मई तक होगा। इच्छुक प्रत्याशी इस अवधि में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र भर सकते हैं।
31 मई को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 2 जून को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। इसी दिन दोपहर बाद 3 बजे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
15 जून को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा और इसी दिन मतगणना होगी और परिणाम की घोषणा की जाएगी। कहीं भी दोबारा मतदान की स्थिति बनती है तो मंगलवार 17 जून को मतदान करवाया जाएगा और परिणाम घोषित किए जाएंगे।