रेवाड़ी। प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए शुरू की गई वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना के आवेदन के लिए मंगलवार को अंतिम दिन है। भविष्य में ग्रुप सी व डी की भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है।
योजना के तहत सामान्य वर्ग को 500 व आरक्षित वर्ग को 250 शुल्क देकर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के पश्चात इसकी वैद्यता तीन साल तक मान्य रहेगी। उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना के बारे में बताया कि जटिल भर्ती प्रक्रिया व बार- बार भर्तियों के लिए फीस देने पर आर्थिक रूप से होने वाली परेशानियों से निजात दिलाने को ध्यान में रखकर इसकी शुरुआत की गई है। अब आयोग को एक ही उम्मीदवार के अलग अलग भर्तियों के लिए किए गए आवेदनों की बार- बार जांच पड़ताल नहीं करनी होगी। वन टाइम रजिस्ट्रेशन योजना की सहायता से यह कार्य एक बार में ही हो जाएगा। यह योजना शुरू होने से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता व योग्यता के मानदंड को अधिक मजबूती मिलेगी। एक बार शुल्क देने के पश्चात उसकी वैद्यता तीन साल तक मान्य होगी। उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से सरकारी नौकरियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन की आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई थी। कोरोना काल के कारण यह समय आगे बढ़ाया गया था। जून माह में जो पात्र आवेदक रजिस्ट्रेशन करने से चूक गए, उनको प्रदेश सरकार द्वारा एक और मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरू में यह पोर्टल 31 मार्च तक खोला गया था। बाद में इसकी अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 मई कर दी गई। वन टाइम रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदक को यूनीक आईडी नंबर प्राप्त होगा।