रेवाड़ी। नगर परिषद रेवाड़ी और नगर पालिका धारूहेड़ा की तरफ से डोर टू डोर कचरा उठान को लेकर अब तीन माह के लिए टेंडर जारी किया गया है। टेंडर के मुताबिक संबंधित फर्म को डोर टू डोर कचरा उठान और कचरे को डंपिंग साइट पर लेकर जाने का कार्य करना होगा।
नगर परिषद रेवाड़ी की तरफ से तीन माह के लिए 94.56 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर पालिका धारूहेड़ा की तरफ से इतनी ही अवधि के लिए 40.82 लाख रुपये की राशि का संबंधित फर्म को भुगतान किया जाएगा।
तीसरी बार कूड़ा उठान के लिए टेंडर जारी किया गया है। इससे पहले 7 साल के लिए टेंडर जारी किया गया था। इस पर मुख्यालय की तरफ से कहा गया था कि समय को कम करके इसे 5 साल का किया जाए। फिर 5 साल के लिए टेंडर हुआ था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। इसके बाद नगर परिषद ने मात्र तीन माह के लिए टेंडर जारी किया है।
3 माह के लिए टेंडर जारी करने के पीछे का कारण यह बताया जा रहा है कि अभी 5 साल वाले टेंडर को लेकर कुछ बदलाव किया जाना है, इसकी वजह से उस टेंडर को रद्द कर दिया गया है। टेंडर में बदलाव को लेकर एक माह तक का समय लग सकता है, किसी प्रकार की व्यवस्था खराब न हो, इसे लेकर शॉर्ट टेंडर जारी किया गया है। वहीं, टेंडर भरने की अंतिम तिथि 7 जुलाई है।
धारूहेड़ा, बावल, रेवाड़ी में पिछले माह जारी किया गया था टेंडर निदेशालय की ओर से
टेंडर के लिए अनुरोध (आरएफटी) में बदलाव के बाद 7 साल के लिए शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया को रद्द किया गया था। यह टेंडर 43 करोड़ का दिया जाना था। नगर परिषद की तरफ से 5 साल के लिए 39.96 करोड़ रुपये का टेंडर पिछले माह जारी किया गया था। धारूहेड़ा नगर पालिका की तरफ से 7 साल के लिए करीब 12 करोड़ 62 लाख रुपये का टेंडर छोड़ा गया था। इससे पहले केवल 1 साल के लिए ही टेंडर किए जाते रहे हैं।
अभी जगह-जगह लगे हुए कचरे के ढेर
मौजूदा समय में रेवाड़ी, बावल, धारूहेड़ा क्षेत्र में जगह-जगह पर कूड़ा कचरा के ढेर लगे हुए हैं। धारूहेड़ा और बावल औद्योगिक क्षेत्र हैं, यहां पर गंदगी से बुरा हाल है। जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है। इसके बावजूद स्थिति में बहुत ज्यादा सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
नगर परिषद की तरफ से तीन माह के लिए कचरा उठान को लेकर टेंडर जारी किया गया है। इससे पहले 5 साल के लिए टेंडर जारी किया गया था। कुछ बदलाव की वजह से अभी उसे रद्द किया गया है। बदलाव में कुछ समय लग सकता है। व्यवस्था बाधित न हो, इस वजह से अभी 3 माह वाला टेंडर जारी किया गया है।
अंकित, एक्सईएन, नगर परिषद