रेवाड़ी। गोलकगढ़ गांव में जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए सरकार ने साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस धनराशि से गांव में ड्रेनेज और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। 25 सोलर ट्यूबवेल लगेंगे। राजपुरा खालसा व किशनगढ़ में भी साढ़े 3 करोड़ खर्च होंगे।
गोलकगढ़ गांव में वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। बरसात के दिनों में गांव की गलियां और मुख्य रास्ते पानी से लबालब हो जाते थे, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार घरों में भी पानी घुस जाता था, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता था। ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। निकासी का कोई प्रबंध ना होने की वजह से पानी हमेशा जमा रहता है।
इस मुद्दे को हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह ने प्रमुखता से उठाया था। विधायक ने सदन में गोलकगढ़ गांव की स्थिति से सरकार को अवगत कराते हुए बताया था कि जलभराव के कारण गांववासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और इसका स्थायी समाधान जरूरी है। विधायक के प्रयासों के बाद सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बजट को मंजूरी दी है। विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि गोलकगढ़ के लिए साढ़े 3 करोड़ रुपये सरकार ने जारी कर दिए हैं। राजपुरा खालसा व किशनगढ़ के लिए भी साढ़े 3 करोड़ जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर पहले के विधायक चिरंजीव राव इस मुद्दे पर ध्यान देते तो जल्दी समाधान हो जाता।