योग मैराथन में भाग लेते युवा। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को योग मैराथन का आयोजन किया गया। राव तुलाराम स्टेडियम से योग मैराथन को मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि निरोग रहने के लिए सभी को योग को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 195 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि 21 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बसंत कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) संदीप यादव के नेतृत्व में योग मैराथन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. भंवर सिंह समेत अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन ने भाग लिया।