संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के अंतर्गत चल रहे अंतर महाविद्यालय टूर्नामेंट के तीसरे चरण की प्रतियोगिताएं 5 नवंबर से शुरू होंगी। इनमें आईजीयू से जुड़े रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के कॉलेज के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
तीसरे चरण की प्रतियोगिता में ऑर्चरी, जूडो, रेसलिंग व शूटिंग (महिला-पुरुष) के मुकाबले होंगे। इन प्रतियोगिताओं में जीतने वाले खिलाड़ियों को नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी व ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन स्पर्धाओं को कराने के लिए अलग-अलग जगहों का चयन किया गया है। इनमें दो मुकाबले रेवाड़ी और दो नारनौल में कराए जाएंगे। यूनिवर्सिटी के खेल निदेशक ने बताया कि ऑर्चरी महिला-पुरुष के मुकाबले 5 नवंबर को राजकीय कॉलेज नारनौल में होंगे। जूडो महिला-पुरुष के कॉलेज 5 नवंबर को ही नारनौल, रेसलिंग फ्री स्टाइल, ग्रीको महिला-पुरुष की स्पर्धा 6 नवंबर को राजकीय कॉलेज बावल और शूटिंग मेल-फीमेल की प्रतियोगिता 7 नवंबर को रेवाड़ी शहर की नई अनाज मंडी में आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू हो जाएगी।
पहले प्रथम चरण में हुए मुकाबले
पहले प्रथम चरण में क्रिकेट, हैंडबॉल, खो-खो, वॉलीबॉल, दूसरे चरण में फेंसिंग, ताइक्वांडो, वेट लिफ्टिंग-पावर लिफ्टिंग और एथलेटिक्स प्रतियोगिता (महिला-पुरुष वर्ग) में हुई। इनका सेलेक्शन ट्रायल भी हो चुका है।
कॉलेजों में पर्याप्त खेल सुविधाएं नहीं
कॉलेजों में खेल की पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। ज्यादातर कॉलेजों में शारीरिक प्रशिक्षक नहीं हैं। दो-तीन कॉलेजों को छोड़कर बाकी में शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षक नहीं हैं। बहुत से कॉलेज इन खेल प्रतियोगिताओं में भाग भी नहीं ले पाते है। दूसरे कॉलेजों में ग्राउंड तो है, लेकिन उनकी सफाई तब ही होती है जब कोई खेल प्रतियोगिता होती है। कॉलेजों में होने वाली दो दिवसीय स्पोर्ट मीट में ही मैदानों को दुरुस्त कराया जाता है। यही वजह है कि स्कूल से ज्यादा खिलाड़ी निकल रहे हैं और कॉलेजों से कम ही खिलाड़ी प्रतिभाग कर पाते हैं।