बाजार में हुई चोरी के बारे में जानकारी लेते डीएसपी मोहम्मद जमाल खान। संवाद
- फोटो : Rewari
शहर में लगातार चोरी की वारदात बढ़ती जा रही है। धारूहेड़ा चुंगी स्थित कमला पैलेस मार्केट में चोरों ने शनिवार की रात सात दुकानों के शटर उखाड़ कर मोटरसाइकिल, नकदी, सामान और कपड़े चोरी कर लिए। रविवार की सुबह दुकानों में चोरी का पता लगा और दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मोहम्मद जमाल ने मौके पर पहुंचकर दुकानों का मुआयना किया।
गांव छुरियावास निवासी रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कमला पैलेस मार्केट में दोपहिया वाहनों की सेल-परचेज की दुकान है। शनिवार की शाम को वह दुकान बंद कर घर चला गया। रविवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो शटर उखड़ा हुआ था। एक बुलेट मोटरसाइकिल दुकान के बाहर खड़ी हुई थी। उन्होंने अंदर देखा तो दुकान से एक मोटर साइकिल गायब थी। बुलेट मोटर साइकिल स्टार्ट नहीं होने के कारण चोर बाहर खड़ी छोड़ गए और शटर उखाड़ कर अंदर से एक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। चोरी हुई मोटरसाइकिल मोहल्ला मधु विहार निवासी अरुण कुमार सैनी की थी, जो बेचने के लिए खड़ी की हुई थी।
दो दुकानों से नकदी और कपड़े चोरी
गांव रोहड़ाई निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने कमला पैलेस मार्केट में दुकान कर रखी है। चोरों ने उनकी दुकान का भी शटर उखाड़ कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान के गल्ले में रखी करीब पांच हजार रुपये और करीब तीन हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके अतिरिक्त शहर निवासी भोपाल सिंह की दुकान से चार जैकेट चोरी कर ले गए। दोनों दुकानदारों को भी रविवार की सुबह चोरी होने का पता लगा।
चार और दुकानों में भी लगाई सेंध
इसके अतिरिक्त चोरों ने शिव नगर निवासी सुनील की मोटरसाइकिल रिपेयरिंग, गांव करावरा मानकपुर निवासी इंद्रजीत सिंह के कार्यालय, सुखदेव की शॉकर रिपेयरिंग की दुकान और सचिन की दुकान के शटर भी उखाड़े, लेकिन चोरी कुछ नहीं किया। सात दुकानों के शटर उखड़ने की सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी मोहम्मद जमाल ने भी चोरी वाली दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिलहाल चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सर्विस सेंटर से एसी चोरी
शहर के महाराणा प्रताप चौक के निकट स्थित एक मोबाइल कंपनी के सर्विस सेंटर से चोर एक एसी चोरी कर ले गए। पुलिस को दी शिकायत में जिला चरखी दादरी के गांव बालरोड निवासी सुधीर कुमार ने कहा है कि वह महाराणा प्रताप चौक स्थित एक मोबाइल कंपनी के सर्विस सेंटर में कार्यरत हैं। सर्विस सेंटर में कंपनी द्वारा एसी लगाया हुआ था। शुक्रवार की रात को चोर पीछे से सर्विस सेंटर का एसी चोरी कर ले गए। माडल टाउन थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।