कोसली। जिला वॉलीबाल संघ के अध्यक्ष एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, बस उन्हें उचित मंच प्रदान कर निखारने की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। वे मंगलवार को कुंड स्थित न्यू ईरा स्कूल मे जिला वॉलीबाल संघ की ओर से आयोजित जिला स्तरीय ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारम्भ करने के दौरान खिलाडिय़ों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने सभी खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस मौके पर भाजपा नेता डॉ. अरविंद यादव, खोल मंडल भाजपा प्रधान जीतू चेयरमैन, प्रधान रामपाल यादव, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं झज्जर प्रभारी रामसिंह छावड़ी, पूर्व सरपंच मुंशीराम मनेठी, प्रवक्ता मुकेश यादव, श्रीकांत यदुवंशी, धीरज शास्त्री, पप्पू खान खोल, संघ सचिव युधिष्ठर यादव, गौरव, सतीश और गजेंद्र सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग एवं जिलेभर के खिलाड़ी मौजूद थे। स्कूल चेयरमैन मास्टर नरेंद्र यादव की अध्यक्षता वाले कार्यक्रम में कोसली विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर के खेलों में धूम मचाकर अपना एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस काम को बखूबी निभाते हुए ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ावा दे रही है। चेयरमैन यादव और प्राचार्य सरोज बाला ने कोसली विधायक और अन्य गणमान्य लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।