बेटी के साथ वीरवार को बाजार में खरीदारी करने आई गांव धामलावास निवासी महिला का बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स छीन लिया और भागने लगे। इस बीच लोगों ने घेर कर बदमाशों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। फिर बदमाशों को पुलिस के हवाले कर दिया। भाड़ावास चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धामलावास निवासी महिला संजय देवी ने बताया कि वह अपने बेटी ज्योति के साथ शहर में सामान खरीदने के लिए आई थी। नाईवाली के पास एक रेहड़ी से सेब खरीदते समय मंडी की तरफ से बाइक पर आए दो युवक उसका पर्स छीनकर भागने लगे। हमारे शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़कर पिटाई की। इसी दौरान भागते समय मोटरसाइकिल गिरने से एक युवक घायल हो गया। पूछताछ में बदमाशों ने अपनी पहचान पैदयावास निवासी सोमनाथ व सहबाजपुर निवासी सुजान के रूप में बताई। भाड़ावास चौकी पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।