रेवाड़ी। जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए मानसून सीजन शुरू होने से पहले ही शहर के नालों की सफाई और मरम्मत का कार्य कराया जाना चाहिए लेकिन अभी तक यह कार्य शुरू नहीं किया गया है। अगर मानसून सीजन में सफाई कार्य शुरू कराया गया तो नालियों से निकाला गया कचरा बारिश होने पर फिर नाले में चला जाएगा।
शहर में मानसून सीजन से पहले की तैयारियां अभी नहीं शुरू की गई हैं। हर साल बारिश से पहले नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से नालों की सफाई और मरम्मत का कार्य कराया जाता है लेकिन इस बार अब तक स्थिति जस का तस है। ऐसे में बारिश शुरू होते ही शहर के बड़े नालों में जमा गंदगी और पॉलीथिन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के दौरान ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। आमतौर पर मानसून से पहले नगर परिषद विशेष सफाई अभियान चलाती है लेकिन इस बार अब तक व्यापक स्तर पर सफाई कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
इन क्षेत्रों में नालों की हालत है खराब
शहरवासियों के अनुसार मॉडल टाउन, नई बस्ती, बस स्टैंड रोड, सेक्टर-4, नागरिक अस्पताल, ब्रास मार्केट, अनाज मंडी, नईवाली चौक, सब्जी मंडी रोड, पुराना कोर्ट रोड और धारूहेड़ा रोड जैसे व्यस्त एवं निचले इलाकों में नालों की स्थिति बेहद खराब है। कई जगहों पर नाले जाम होने से नाले का पानी सड़क पर बहता है जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
हर साल मानसून में बढ़ती है परेशानी
शहर के निचले क्षेत्रों में हर साल मानसून के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। इससे आमजन, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात भी बाधित होता है। बावजूद इसके समय रहते नालों की सफाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।
नालों की जल्द सफाई कराने की मांग
शहरवासियों ने मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई करवाई जाए ताकि जलभराव और बीमारियों जैसी समस्याओं से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई होने से बारिश के दौरान पानी का बहाव सुचारू रहेगा और शहरवासियों को राहत मिलेगी।
-
वर्जन
सेक्टरों में नालियों की सफाई के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इन टेंडरों के माध्यम से सेक्टरों में स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई, मरम्मत और जलभराव वाले क्षेत्रों में मशीनों की व्यवस्था की जाएगी। सफाई अभियान जल्द शुरू किया जाएगा ताकि मानसून सीजन में जलभराव से मुक्ति मिल सके। - अंकित वशिष्ठ, एक्सईएन, नगर परिषद।
शहर के सर्कुलर रोड पर बीएमजी मॉल के पास गंदगी से भरा पड़ा नाला। संवाद- फोटो : महिला की जलकर हुई मौत के मामले में गिरफ्तार पति और महिला के भाई।