रेवाड़ी। हरियाणा राज्य की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर रविवार को हरियाणा दिवस हीरक जयंती के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शहर के बाल भवन में जिलास्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रागिनी, लोकगीतों और हरियाणवी नृत्य ने समा बांधा।
म्हारा हरियाणा-म्हारी शान, म्हारी धरती-म्हारा मान थीम पर आयोजित हीरक जयंती में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
समारोह का शुभारंभ एडीसी राहुल मोदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीना कंबोज और सीटीएम जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्यस्तरीय हीरक जयंती समारोह का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जिलास्तरीय कार्यक्रम में कलाकारों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की ऐतिहासिक उपलब्धियों और परंपराओं को जीवंत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरपीएस स्कूल रेवाड़ी के विद्यार्थियों ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। इसी स्कूल के छात्र रेयांश यादव ने हरियाणवी रागिनी सुनाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाल्हावास के विद्यार्थियों ने मातृभूमि में घड़ दी नई पहचान गीत पर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी के विद्यार्थियों ने ‘म्हारी शर्मिला’ विषय पर लघु नाटिका का मंचन किया। कलाकारों ने रागिनी, लोकगीत और पारंपरिक हरियाणवी लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर उतारा।
इस अवसर पर डीआईपीआरओ संदीप कुमार, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, डीआईओ सचिन, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया, प्रो. डॉ. ज्योत्सना यादव, पूनम यादव और समाजसेवी रिपुदमन गुप्ता मौजूद रहे।
विकास यात्रा में रेवाड़ी की अहम भागीदारी : एडीसी
एडीसी राहुल मोदी ने हरियाणा दिवस और रेवाड़ी जिले के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इसमें रेवाड़ी जिले की उल्लेखनीय भागीदारी है। देश को आत्मनिर्भर बनाने और उसकी गौरवशाली पहचान बनाए रखने में यहां के वीरों और कर्मठ लोगों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध विरासत, लोक परंपराओं और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
बाल भवन में आयोजित हीरक जयंती समारोह में प्रस्तुतियां देते प्रतिभागी। स्रोत:प्रशासन
बाल भवन में आयोजित हीरक जयंती समारोह में प्रस्तुतियां देते प्रतिभागी। स्रोत:प्रशासन