रेवाड़ी। पुलिस टीम ने रविवार को शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर पैदल गश्त कर दुकानदारों को चेतावनी दी। कहा कि अगर अतिक्रमण खुद नहीं हटाया तो कार्रवाई के दौरान सामान जब्त किए जाएंगे। इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 20 से अधिक वाहनों के चालान काटे।
पैदल गश्त में पीएसआई सनेश, गोकल गेट चौकी इंचार्ज एएसआई नरेश कुमार, एएसआई विनोद कुमार, एएसआई हरीश कुमार, एएसआई राजन शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के चलते लोगों को आने जाने में परेशानी होती है।
निरीक्षक सूबे सिंह ने दुकानदारों से कहा कि वे दुकानों के सामने से अतिक्रमण खुद हटा लें अन्यथा कार्रवाई होने पर सामान जब्त कर लिए जाएंगे। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान तत्काल समेटना शुरू कर दिया।
उन्होंने दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षक सूबे सिंह ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी और चोरी व झपटमारी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी।
अभियान के साथ-साथ पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन करने वाले 20 से अधिक वाहनों के चालान काटे गए। वहीं, सरकार के नियमों के तहत अपनी निर्धारित अवधि पूरी कर चुके कई वाहनों को भी मौके पर जब्त किया गया, क्योंकि ऐसे वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है।