संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले की मंडियों से गेहूं और सरसों की उठान धीमी गति से हो रही है। इसके चलते मंडियां सरसों और गेहूं से अटी पड़ी हैं। इससे खरीद में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले की मंडियों में अब तक कुल 548934 क्विंटल सरसों की आवक और 548934 क्विंटल सरसों की खरीद हो चुकी है। वहीं, गेहूं की जिले में 320840 क्विंटल आवक तथा 314250 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। 1.35 लाख क्विंटल सरसों और 35 हजार क्विंटल गेहूं का उठान होना बाकी है। उठान का कार्य रोजाना होने के बावजूद अनाज मंडियां सरसों और गेहूं से अटी पड़ीं हैं। दो-तीन दिन बाद मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
विभाग ने आशंका जताई है कि अगर बरसात होता है तो इससे काफी नुकसान हो सकता है, क्योंकि खुले में पड़ा सरसों और गेहूं को ढकने के लिए तिरपाल पर्याप्त मात्रा में नहीं है। पिछली बार जब बरसात हुई थी तो सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद भी उठान प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई गई है, जबकि उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए डीसी अभिषेक मीणा ने निर्देश जारी किए हुए हैं। मौजूदा समय में सरसों कम पहुंच रहा है, अब गेहूं की आवक हो रही है।
अनाज को सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने किसानों से अनाज को तय मानकों के अनुसार सुखाकर ही मंडियों में लेकर लाने की अपील की है ताकि उनकी उपज बिना किसी रुकावट के खरीदी जा सके। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंडियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्य सुचारू रूप से संपन्न किए जाएं। जिला प्रशासन खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
किसानों को समय से भुगतान करने के निर्देश
डीसी ने खरीद एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और नई फसल की आवक बाधित न हो। खरीद एजेंसियों द्वारा स्टोरेज व्यवस्था को बेहतर ढंग से प्रबंधित किया जाए, जिससे खरीदी गई सरसों का सुरक्षित भंडारण किया जा सके। किसानों की सुविधा के लिए अनाज मंडियों में जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं।