मेन बाजार में सजी राखी दुकान। संवाद
रेवाड़ी। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के इस पर्व को लेकर बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के हर गली, चौराहे और प्रमुख बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की स्टॉल सज चुकी हैं। महिलाएं और लड़कियां अपने भाइयों के लिए खास राखियां चुनने में जुटी हैं। इस बार परंपरागत राखियों के साथ-साथ थीम आधारित, कस्टमाइज्ड और बच्चों के लिए कार्टून वाली राखियों की भी खूब मांग है।
राखी के साथ-साथ कपड़ा बाजार भी ग्राहकों से गुलजार नजर आ रहा है। महिलाएं कुर्ती, सलवार सूट और साड़ियां खरीद रही हैं, जबकि युवा जींस, शर्ट सहित ट्रेंडिंग परिधानों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। वहीं, कपड़ा व्यापारियों ने बताया कि इस बार बिक्री अच्छी हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ग्राहक और भी बढ़ेंगे। वहीं, मिठाइयां, गिफ्ट आइटम्स और सजावटी सामान की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। गिफ्ट दुकान पर भाई-बहनों के लिए खासतौर से तैयार किए गए गिफ्ट की मांग काफी बढ़ी है।
दुकानदारों को इस बार अच्छी दुकानदारी की उम्मीद
शहर के मुख्य बाजार के दुकानदार सुभाष, रमेश और नीरज ने बताया कि इस बार बाजार पहले ही सज गया है और ग्राहकों की खरीदारी से उन्हें अच्छी आमदनी की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस बार राखियों और गिफ्ट की ढेरों वैरायटी मौजूद है, जिससे ग्राहकों को भी खरीदारी में मजा आ रहा है। बाजारों में हर दिन खरीदारों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे व्यापारियों में उत्साह है। 2 दिनों के बाद कारोबार में और तेजी आएगी।