रेवाड़ी। छात्रवृत्ति की राशि जारी करने के लिए वन स्कूल एप पर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड करने की समय सीमा 9 फरवरी को समाप्त हो गई। अभी करीब 70 प्रतिशत स्कूलों के विद्यार्थियों का डाटा अपडेट हुआ है।
शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि वन स्कूल एप पर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड होने के बाद ही छात्रवृत्ति की राशि जारी की जाएगी। जिन स्कूलों के पात्र विद्यार्थियों का डाटा वन स्कूल एप पर अपलोड नहीं हुआ है, उनके लिए शिक्षा निदेशालय ने 9 फरवरी तक तीसरी बार डाटा अपडेट करने का अवसर दिया था।
निदेशालय ने साफ किया है कि निर्धारित तिथि तक डाटा अपलोड नहीं होने की स्थिति में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिल पाएगी। इससे पहले डाटा अपडेट करने की अंतिम तिथि 22 जनवरी निर्धारित की गई थी लेकिन कई स्कूलों की ओर से डाटा अपलोड नहीं करने के कारण एक और मौका दिया था। अभी करीब 70 प्रतिशत का ही डाटा अपडेट हो पाया है।
यह डाटा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग-ए तथा बीपीएल श्रेणी के पात्र विद्यार्थियों से संबंधित है। डाटा अपडेट होने के बाद ही इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की तृतीय तिमाही की किस्त जारी की जा सकेगी।
विद्यार्थियों के खाते में सीधे जाती है राशि
छात्रवृत्ति की राशि साल में चार चरणों में विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है। इसके लिए हर वर्ष विद्यार्थियों की उपस्थिति के आधार पर संबंधित डाटा वन स्कूल एप पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष 9 फरवरी तक हर हाल में डाटा भरना जरूरी था, ताकि विद्यार्थियों को समय पर राशि मिल सके। यह छात्रवृत्ति कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को दी जाती है। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार इस बार अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग-ए एवं बीपीएल श्रेणी के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति तभी जारी की जाएगी, जब उनका डाटा वन स्कूल एप पर अपडेट पाया जाएगा।
वर्जन
छात्रवृत्ति के लिए डाटा पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश जारी किए गए थे। जिन बच्चों का डाटा अपडेट हुआ है उन्हें छात्रवृत्ति मिलेगी।-बिजेंद्र हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी