संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर की जर्जर हुईं प्रमुख सड़कें दुरुस्त की जाएंगी। नगर परिषद 3.63 करोड़ रुपये की लागत से ती सड़कों की दशा सुधारेगी। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद नगर परिषद ने टेंडर जारी किया है।
नगर परिषद की ओर से अग्रसेन चौक से झज्जर चौक, रेलवे चौक से गोकल गेट, पुरानी सब्जी मंडी से बाराहजारी चौक ( मुख्य बाजार) तक सड़क मरम्मत कराई जाएगी। वर्तमान में इन सड़कों की दशा काफी खराब है। सड़क पर जगह-जगह पर गड्ढे बने हैं। ऐसे में लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आना-जाना रहता है। बाजार जाने वाले लोग इन्हीं सड़कों से होकर लोग गुजरते हैं जिससे ये सड़कें काफी मायने रखती हैं।
पहले इन स्थानों पर टाइल्स की सड़कें बनाई जानी थी लेकिन व्यापारियों और पार्षदों के विरोध के बाद नगर परिषद ने सीसी रोड बनाने का निर्णय लिया है। टाइल्स की सड़कों पर डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च आ रहा था। वहीं, व्यापारी दिपेश भार्गव ने बताया कि व्यापारियों की तरफ से लगातार सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की जा रही थी । व्यापारी विपिन अग्रवाल ने बताया कि सड़कें बनने से व्यापारियों को काफी फायदा होगा। व्यापारी पुरुषोत्तम दास ने कहा कि बाजार में आवाजाही ज्यादा है। ऐसे में सड़क पर गड्ढे होने से लोगों को दिक्कत होती थी। सड़क दुरुस्त होने से लोगों को लाभ मिलेगा। व्यापारी नीरज गुप्ता ने बताया कि सड़कें दुरुस्त होने से राहत मिलेगी।
तत्कालीन सीएम मनोहर लाल से की थी मुलाकात
सबसे पहले तारकोल की सड़क बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था। उस समय भी व्यापारियों और पार्षदों ने विरोध किया था। इसके बाद टाइल्स की सड़क बनाने का निर्णय लिया गया। पिछले वर्ष बैठक में पार्षदों ने कहा था कि अगर टाइल्स की सड़क बनती है तो यह ज्यादा समय तक नहीं चलेगी। इसके बाद नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव ने जनवरी 2024 में तत्कालीन सीएम मनोहर लाल से मुलाकात कर सीसी रोड बनवाने की मांग की थी। चेयरपर्सन ने तत्कालीन सीएम को एक पत्र भी सौंपा था, अब मंजूरी मिलने के बाद टेंडर जारी किया गया है।
वर्जन:
शहर के मुख्य सड़के 3.63 करोड़ रुपये से सुधारी जाएंगी। नगर परिषद ने एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा था। अनुमति मिलने के बाद टेंडर जारी किया गया है। अग्रसेन चौक से झज्जर चौक वाया मोती चौक, रेलवे चौक से गोकल गेट, पुरानी सब्जी मंडी से बारा हजारी चौक तक सड़क की दशा सुधारी जाएगी। -पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।