रेवाड़ी। लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बुध विहार में पानी और सीवर की समस्या आई। डीसी ने दोनों समस्याओं को एक सप्ताह में दूर करने का निर्देश दिया।
बुध विहार कॉलोनी से आई महिलाओं ने बताया कि वे कई वर्षों से बिजली, पानी व सीवर की समस्या जूझ रही हैं। डीसी के निर्देश पर उनकी बिजली की समस्या का निपटारा कर दिया गया है। अधिकारियों को एक सप्ताह में पानी व सीवर की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है। रजनी, सुनीता पूजा ने कहा कि हम हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे समाधान शिविर से बहुत प्रसन्न हैं। वहीं, एक अन्य मामले में गांव चौकी नंबर 1 से आए अभय सिंह ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में उनकी आय अधिक होने के कारण उनका राशन कार्ड काट दिया गया है, जबकि उनके पास आय का कोई साधन उपलब्ध नहीं है। वह मजदूरी कर अपना घर खर्च चलाते हैं।