राजस्थान के जिला अलवर के थाना बहरोड़ पर फायरिंग कर महेंद्रगढ़ निवासी गैंगेस्टर पपला गुर्जर छुड़ाने में रेवाड़ी के तीन और बदमाशों का नाम सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने तीनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। रेवाड़ी के एक बदमाश का नाम फरार करने में पहले ही समाने आ चुका है। ऐसे में अभी तक चार बदमाशों के नाम राजस्थान पुलिस की ओर से जारी किए जा चुके हैं।
रविवार को राजस्थान पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पपला को फरार करने वालों में शहर के कुतुबपुर निवासी 20 वर्षीय चंद्रपाल उर्फ चंदु, माता चौक निवासी 26 वर्षीय राहुल गुर्जर व गांव लाधुवास अहीर निवासी 22 वर्षीय प्रशांत शामिल हैं। इससे पहले आकाश सोनी का नाम भी सामने आ चुका है। बहरोड़ थाने में इन सभी के खिलाफ 307 सहित आधा दर्जन से अधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।
बता दें कि बहरोड़ पुलिस ने 5-6 सितंबर की रात पपला गुर्जर को एक स्कोर्पियो गाड़ी और 31 लाख 90 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। 6 सितंबर को सुबह 9 बजे पपला गैंग के बदमाशों ने बहरोड़ थाने पर हमला कर पपला को फरार करा लिया था। इसको लेकर राजस्थान के डीजीपी रेवाड़ी में भी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पपला सहित उसके गुर्गों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति बना चुके हैं। रेवाड़ी पुलिस की ओर से भी बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम गठित की जा चुकी है।
पपला के खिलाफ है हत्या सहित 8 मुकदमे दर्ज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पपला उर्फ विक्रम गुर्जर महेंद्रगढ़ के गांव खारोली निवासी कुख्यात गैंगेस्टर है। पपला के खिलाफ महेंद्रगढ़ थाना में हत्या व अवैध हथियार सहित 8 मुकदमे दर्ज हैं। 8 सितंबर 2017 में महेंद्रगढ़ न्यायालय से पपला के साथी फायरिंग हरियाणा पुलिस की गिरफ्त से फरार कर ले गए थे।