रेवाड़ी। शहर के बोलनी रोड पर शनिवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा होने से बच गया। एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा दूसरी ओर सड़क पर लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हालांकि हादसे में कोई जन हानि नहीं हुई। कार के अंदर हरियाणा पुलिस की वर्दी और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें मिली हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मॉडल टाउन थाना पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है।
शनिवार की दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे गढ़ी बोलनी रोड पर रेवाड़ी से एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार कसौला चौक की तरफ जा रही थी। तभी एलीजेंट सोसाइटी के पास कार अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर से सड़क पर आ गई। इसके बाद वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों जब गाड़ी के पास पहुंचे तो उसमें शराब की काफी बोतलें और पुलिस की वर्दी थी। मॉडल टाउन थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।