बावल क्षेत्र के गांव मुंडनवास में रविवार को सार्वजनिक जोहड़ के पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। ग्रामीणों ने इस संबंध में कसौला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस शव को ग्रामीणों की मद्द से जोहड़ से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक सुनील पुत्र ओमप्रकाश, मूल निवासी बिजनौर यूपी हाल आबाद शहर रेवाड़ी में रहता था और गांव मुंडनवास में इन दिनों रंग पुताई(सफेदी) का काम कर रहा था। 22 जनवरी की सुबह वह अचानक गायब हो गया। पुलिस को इस संबंध में परिजनों ने शिकायत भी दी थी। ग्रामीणों के अनुसार मृतक अक्सर सुबह जंगल में शौच जाने के बाद इस जोहड़ के किनारे बैठकर नित्य क्रिया करता था। पुलिस को आशंका है कि उस दिन भी शायद यह अपनी नित्य क्रिया कर रहा होगा और इसका पांव अचानक फिसल गया और यह जोहड़ के पानी में गिर गया और बाद में बाहर नहीं निकल सका। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मौत के असली कारण पंचनामा रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगी।
जांच अधिकारी मुख्य सिपाही धर्मेंद्र ने बताया कि रविवार को यह शव जोहड़ में मिला था। मृतक के शव को आज पंचनामा कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की शनाख्त उसके भाई और पिता ने की। मृतक मूल रूप से बिजनौर यूपी का रहने वाला था।