संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के आदेश के बाद शहर के सर्कुलर रोड पर सिविल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के बीच फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) में लिफ्ट लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। लिफ्ट के इलेक्ट्रिक कार्य पर करीब 10.85 लाख रुपये की खर्च किए जाएंगे।
टेंडर भरने की अंतिम तिथि एक जुलाई है। लिफ्ट लगने के बाद फुटओवर ब्रिज को चालू कर दिया जाएगा। इसके बाद मरीज को नागरिक अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी।
सिविल अस्पताल और ट्राॅमा सेंटर के बीच फुटओवर ब्रिज का कार्य फरवरी 2023 में शुरू हुआ था। इस कार्य को मई-2023 में पूरा करने का लक्ष्य था लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग एफओबी कार्य पूरा नहीं कर सका। बजट के अभाव में फुट ओवरब्रिज में लिफ्ट लगाने का कार्य बीच में बंद हो गया था।
लिफ्ट लगाने के लिए 32.31 लाख रुपये का बजट मंजूर हुआ था। एफओबी का कार्य पूरा हो चुका है। ट्राॅमा सेंटर से नागरिक अस्पताल तक लोग पैदल आवागमन करने लगे हैं लेकिन लिफ्ट तैयार नहीं होने के कारण अभी भी मरीजों को सर्कुलर रोड से स्ट्रेचर पर ले जाया जा रहा है। अब स्वास्थ्य मंत्री के आदेश के बाद लिफ्ट लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है।
जुलाई के अंत तक एफओबी को चालू करने की उम्मीद
जुलाई के अंत तक फुट ओवरब्रिज को चालू करने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे मरीजों और दिव्यांगों को सुविधा होगी। एफओबी पर ट्राॅमा सेंटर और नागरिक अस्पताल की तरफ दो-दो लिपट लगनी है। एक लिफ्ट में स्ट्रेचर से मरीजों को शिफ्ट किया जाएगा जबकि दूसरी लिफ्ट दिव्यांगों व अन्य मरीजों के लिए होगी। 2019 में फुट ओवरब्रिज को मंजूरी मिली थी। कार्य शुरू होने पर 6 साल बाद इसका निर्माण पूरा नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिली। नागरिक अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के बीच सर्कुलर रोड है। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के बाद मरीजों को भर्ती करने के लिए नागरिक अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ता है। वहीं, मौत होने पर मरीज का शव ट्राॅमा सेंटर से अस्पताल ले जाया जाता है। ऐसे में लिफ्ट नहीं लगने से परेशानी होती है।
2015 में एफओबी का रखा गया था प्रस्ताव
वर्ष 2015 में सिविल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के बीच फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और तत्कालीन रेवाड़ी विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने इसे अमलीजामा पहनाने का प्रयास शुरू कर दिया था। मंजूरी मिलने के बाद ओवरब्रिज निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई थी।
वर्जन
नागरिक अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को जोड़ने वाले एफओबी में लिफ्ट लगाने का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई है। - रवि लाडवाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, इलेक्ट्रिक विंग रेवाड़ी।