रेवाड़ी। जिलेभर के शिक्षण संस्थानों में हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्थानों में पतंग मेंकिंग, रंगोली बनाओ, मेंहदी बनाओ सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इस मौके पर विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर खूब मस्ती की।
गांव कसौली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में महोत्सव पर विद्यालय प्रभारी संतोष शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हरियाली तीज की शुभकामनाएं दी। अध्यापिका मंजू यादव के नेतृत्व में हरियाली तीज महोत्सव के अवसर पर विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गतिविधियों में विभिन्न खेल, ड्राइंग तथा मेहंदी लगाओ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य शिक्षिका ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अध्यापिका रेशमा देवी, मनोज, निर्मला तथा स्नेह लता सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------
यूरो स्कूल में बच्चों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
यूरो इंटरनेशनल स्कूल में हरियाली तीज के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत बच्चों नेविभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए सभी को आनंद विभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत हरियाली तीज का महत्व बताते हुए भाषण से हुई। बच्चों ने रंगारंग लोकनृत्य व लोकगीत प्रस्तुत करते हुए सबको थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा नर्सरी से कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस व पतंग बनाओ प्रतियोगिताएं रखी गई तथा कक्षा छठी से नौवीं तक के लिए रंगोली व क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्ले मॉडलिंग के अंतर्गत बच्चों ने मिट्टी से विभिन्न प्रकार की मूर्तियां बनाई और रंगोली प्रतियोगिता में अनेक तरह की परंपरागत रंगोली बनाई। इस विशेष पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्कूल निदेशक सत्यवीर यादव और प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बच्चों को त्योहारों के बारे में विस्तार से बताया।
एसकेजी स्कूल में धूमधाम से मनाया तीजोत्सव
भाकली स्थित एसकेजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीज महोत्सव बड़े धूमधाम में हर्षोल्लास मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य पवन कुमार ने ज्योति प्रज्वलित करके की। इसमें प्री प्राइमरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्री प्राइमरी व प्राइमरी विभाग में फैंसी ड्रेस, डांस व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। मिडिल कक्षाओं की लड़कियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता व लड़कों के लिए पतंग बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्कूल संचालक श्याम सिंह ने सभी को हरियाली तीज की बधाई दी।
मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में गांधी हाउस रहा प्रथम
डहीना स्थित विवेकानंद माध्यमिक विद्यालय में भारतीय सांस्कृतिक त्योहार हरियाली तीज बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। हरियाली तीज के मौके पर कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों ने सुंदर पतंगें बनाईं, वही छात्राओं ने एक दूसरे की कलाई पर बहुत ही सुंदर एवं मनमोहक मेहंदी की कलाकृतियां बनाई। मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में गांधी हाउस ने प्रथम, विवेकानंद हाउस ने द्वितीय व दयानंद हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया। विज्ञान विषय के शिक्षक अनिल यादव ने रोचक जानकारी देते हुए पतंग के उड़ने के पीछे के वैज्ञानिक तर्क के बारे में बच्चों को बताया। विद्यालय परिसर में शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न तरह की परंपरागत मिठाई तैयार करके स्टाल लगाई गई इसमें बच्चों को प्राचीन भारतीय पकवानों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालय की छात्राओं द्वारा हरियाली तीज के शुभ अवसर पर बहुत ही मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य पेश किया गया एवं बच्चों को झूला झुलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्णा यादव ने बच्चों को तीज के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर नरेश यादव, कोऑर्डिनेटर नरबीर सिंह एवं अतर सिंह, अनिल यादव, शक्ति प्रताप, बिजेंदर, सुशील कुमार आदि उपस्थित रहे।
बच्चों ने नृत्य की प्रस्तुति से मोहा सबका मन
धारूहेडा स्थित राव मोहर सिंह एजूकेशनल ट्रस्ट (आरडीएस पब्लिक स्कूल) में हरियाली तीज महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने झूला झूलकर, हाथों में मेहंदी लगाकर एवं पतंग उड़ाकर इस उत्सव का भरपूर आनंद उठाया। बच्चों ने नृत्य कर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन भी मौजूद रहा। प्रार्चाय सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि तीज का त्योहार आस्था, उमंग व हरियाली का प्रतीक है जो सबके मन को नई तरंग व आशा से भर देता है, उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों व बच्चों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी।