संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने पीएमश्री के शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल की है। परिषद की ओर से जारी पत्र के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शिक्षकों के लिए चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह भ्रमण जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
पत्र के अनुसार यह एक्सपोजर विजिट उत्तराखंड राज्य के उन स्थलों पर कराई जाएगी, जो पुरातात्विक, ऐतिहासिक, भौगोलिक और पारिस्थितिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में पीएमश्री स्कूलों से प्रत्येक स्कूल के दो शिक्षक भाग लेंगे। भ्रमण को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इसे तीन बैचों में आयोजित किया जाएगा।
परिषद ने सभी जिलों के जिला परियोजना समन्वयकों, समग्र शिक्षा को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिले से प्रत्येक पीएम श्री स्कूल के दो शिक्षकों (एक पुरुष व एक महिला को प्राथमिकता) का नामांकन शीघ्र भेजें। चयन के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार शिक्षक का पीएमश्री स्कूल से होना अनिवार्य है।
साथ ही इतिहास, भूगोल, पारिस्थितिकी अथवा विज्ञान विषय से जुड़े शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा शिक्षक का शैक्षणिक रिकॉर्ड अच्छा होना चाहिए, वह चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ हो, उसका सेवा रिकॉर्ड स्वच्छ हो और वह पूरे भ्रमण काल के लिए उपलब्ध व इच्छुक हो।
नामांकन सूची में जिला, ब्लॉक, पीएम श्री स्कूल का नाम, शिक्षक का नाम, लिंग, पद व विषय तथा मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां अनिवार्य रूप से शामिल करनी होंगी। परिषद ने स्पष्ट किया है कि सत्यापित नामांकन सूची अगले दिन शाम तक भेजना अनिवार्य है, ताकि बैचवार योजना और समन्वय समय पर किया जा सके। इस संबंध में पत्र को अत्यंत आवश्यक माना गया है।