रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फर्जी टैक्स की पर्ची काटने का खुलासा अंबाला आरटीओ की जांच में हुआ है। जयपुर के गोपालपुरा खातीपुरा के निवासी भंवर सिंह ने बावल थाना पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह 29 अगस्त की रात जयपुर से अपनी बस नंबर लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ था। रेवाड़ी सीमा में हाईवे पर गांव रुद्ध स्थित हिम्मत सिंह से हरियाणा आरटीओ टैक्स के रूप में 3100 रुपये की पर्ची कटवाई। अंबाला पहुंचते भंवर सिंह की बस को आरटीओ ने रुकवा लिया। यहां पर जांच के दौरान रसीद फर्जी पाई गई और अंबाला आरटीओ ने 51 हजार का चालान काट दिया। जयपुर लौटते समय सोमवार को भंवर सिंह बावल थाना पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। बावल थाना पुलिस ने आरोपी हिम्मत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आते रहे हैं। बावजूद इसके विभाग की ओर से दिल्ली-जयपुर हाईवे सैकड़ों की संख्या में चल रही टैक्स के नाम पर फर्जी वसूली करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।