निर्माण साइट पर गिरी टंकी की दीवार। संवाद
भिवाड़ी। पुराने समतल रोड पर जैगवार कंपनी के निर्माणाधीन प्लांट में सोमवार की दोपहर डेढ़ बजे टंकी की दीवार गिर गई। इस घटना में मलबे से दबकर 4 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई जबकि 3 बच्चों समेत कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका बिहार निवासी हेमंत शर्मा की 4 वर्षीय पुत्री मीनू है। हेमंत शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी अरुणा, बेटी मीनू और 5 वर्षीय बेटा ज्योतिष टंकी के पास नहा रहे थे। इसी दौरान टंकी की दीवार गिर पड़ी। हादसे में शिवम (12), श्रीमणि (40) और जीतू (20) भी घायल हो गए।
सभी घायलों को भिवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल ज्योतिष और शिवम को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया है। बाकी तीनों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
लापरवाही का लगाया आरोप : निर्माण साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि टंकी का निर्माण मात्र 5 दिन पहले ही पूरा किया गया था। दीवार अभी कच्ची थी लेकिन लापरवाही बरतते हुए उसमें करीब 5 से 6 हजार लीटर पानी भर दिया गया। पानी के दबाव को दीवार सहन नहीं कर पाई और ढह गई। इस प्रोजेक्ट में हाईटेक कंपोनेंट बिल्डर की ओर से काम कराया जा रहा है और यहां करीब 400 से 500 मजदूर कार्यरत हैं।
वर्जन:
अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।-सचिन शर्मा, प्रभारी, भिवाड़ी थाना।