निर्माणाधीन प्लांट में टंकी की ढही दीवार। संवाद
भिवाड़ी। पुराने समतल रोड स्थित जैगुआर कंपनी के निर्माणाधीन प्लांट में सोमवार दोपहर टंकी की दीवार अचानक ढह गई। इससे छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दो अन्य बच्चों ने देर रात दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन प्लांट में टंकी की दीवार भरभराकर गिर गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 4 वर्षीय मीनू की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 8 वर्षीय ज्योतिष और 12 वर्षीय शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया लेकिन देर रात इलाज के दौरान दोनों बच्चों की भी मौत हो गई। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
हादसे में घायल 40 वर्षीय श्रीमणि, 25 वर्षीय जीतू और 40 वर्षीय अरुणा का भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
भिवाड़ी के डीएसपी प्रदीप नेहरा ने बताया कि मृतक बच्ची का शव भिवाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। जबकि ज्योतिष और शिवम के शव दिल्ली में हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।