बावल। मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर संगवाड़ी के निकट दो युवकों ने एक कंपनी के कर्मचारी से लिफ्ट लेकर पिस्तौल के बल पर कार लूट ली। इसके बाद वे मौके से भाग गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार बावल शहर निवासी विशांत उफ़ॱर जगदीश मंगलवार को अपनी कार से रोजाना की तरह भिवाड़ी स्थित कंपनी में जा रहे थे। हाईवे स्थित अशाही कंपनी के फ़्लाईओवर के समीप दो युवकों ने कार में लिफ्ट ली। संगवाड़ी के समीप कार में पीछे बैठे एक युवक ने जगदीश की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी तथा कार की चाबी मांगी। जगदीश द्वारा विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर कार के बाहर फेंक दिया। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर वे मौके से भाग गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद कसोला थाना पुलिस मौक़े पर पहुंच गई तथा उनकी धरपकड़ के लिए नाकाबंदी कर दी, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं मिला है। कसोला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर करवाई शुरू कर दी है। कसोला के एसएचओ ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। युवकों का सुराग लगाने के लिए सम्भावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उनका सुराग लगा लिया जाएगा।