रेवाड़ी। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) साउथ रेंज ओमप्रकाश नरवाल ने वीरवार को जिला पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी के आगमन पर पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सलामी गार्द द्वारा उन्हें जनरल सलामी दी गई। जिला लघु सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
आईजी ने हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी गश्त, नाकेबंदी और संदिग्ध वाहनों की जांच बढ़ाई जाए। साथ ही लंबित मामलों की जांच तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मोस्ट वांटेड, इनामी अपराधियों, बेल जंपरों और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने तथा अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय संजीव बल्हारा, पुलिस उपाधीक्षक बावल सुरेंद्र श्योराण, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक पवन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। संवाद