रेवाड़ी। जिले में 26 जनवरी को गणतंंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। पुलिस लाइन में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में खेल मंत्री गौरव गौतम, बावल में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार और कोसली में विधायक अनिल यादव झंडा फहराएंगे। इस दौरान आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वीरांगनाओं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड का निरीक्षण करने के साथ मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इससे पहले वह शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बावल में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार तथा कोसली में उपमंडल स्तरीय समारोह में विधायक कोसली अनिल यादव बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरांगनाओं का सम्मानित किया जाएगा।
-
विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राजकीय मॉडल विद्यालय जलियावास के विद्यार्थी मलखंभ की प्रस्तुति देंगे। जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी देशभक्ति नृत्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं राजस्थानी नृत्य, राज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी कश्मीरी नृत्य और आरपीएस स्कूल के विद्यार्थी हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इंटरनेशनल स्कूल छुरियावास की छात्राएं राष्ट्रगान की प्रस्तुति देंगी। सांस्कृतिक टीम के साथ ही गुरुकुल किशनगढ़ घासेड़ा के प्रतिभागियों द्वारा योग व सूर्य नमस्कार भी किया जाएगा।
-
विभागीय झांकियां देंगी योजनाओं की जानकारी
खेल विभाग, हरियाणा राज्य परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय, वन विभाग, डालसा व बागवानी विभाग की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह पर झांकियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं अंत्योदय उत्थान की भावना पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली जाएगी। इसमें बच्चों के शैक्षणिक विकास, महिला सशक्तिकरण, लिंगभेद, कन्या भू्रण हत्या, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत, अंत्योदय भावना के साथ पंक्ति में अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने और सड़क सुरक्षा आधारित थीम पर प्रदर्शन किया जाएगा।