कागजी कार्रवाई करती पुलिस की टीम। संवाद
औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा की पॉश एम2के सोसायटी में शनिवार 24 जनवरी को रात साढ़े 11 बजे होंडा कंपनी के क्वालिटी मैनेजर 47 वर्षीय अमित सांगवान की पांचवीं मंजिल से अचानक बालकनी से पैर फिसलकर नीचे गिरने से मौत हुई थी। वह राजस्थान के टपूकड़ा स्थित होंडा कंपनी में क्वालिटी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। अमित सांगवान ने करीब दो महीने पहले अपने माता-पिता के साथ रहने के लिए एम2के सोसायटी, सेक्टर-5 धारूहेड़ा के फ्लैट नंबर 1-501 में किराये पर मकान लिया था।
पिता कृष्णपाल सांगवान ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे अमित सांगवान अपने माता-पिता के साथ भोजन के बाद बातचीत कर रहे थे। इसके बाद वह कमरे से लगी बालकनी में चले गए, जहां कबूतरों के लिए लगी कपड़े की जाली को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पांचवीं मंजिल से नीचे सोसायटी की सड़क पर गिर पड़े।
मृतक के पिता कृष्णपाल सांगवान ने पुलिस को लिखित बयान दिया है जिसमें उन्होंने घटना को पूरी तरह दुर्घटनावश बताया है। पुलिस जांच में भी किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है।
थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला बालकनी से गिरने से हुई दुर्घटनात्मक मौत का पाया गया है।