फोटो : सूर्य नमस्कार अभियान के तहत पतंजलि योग समिति द्वारा विद्यार्थियों व स्टाफ को सूर्य नमस्क
रेवाड़ी। गांव गंगायचा अहीर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में हरियाणा योग आयोग व आयुष विभाग की ओर से चलाए जा रहे हर घर सूर्य नमस्कार अभियान के तहत पतंजलि योग समिति रेवाड़ी की ओर से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से भर गया।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों व स्टाफ को योग प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया।
उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण व्यायाम है, जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। उन्होंने बताया कि पतंजलि परिवार द्वारा घर-घर तक सूर्य नमस्कार पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर नियमित योग को जीवन का हिस्सा बना सकें।
मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक योग के प्रति रुचि बढ़ रही है और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। विद्यालय के मुख्याध्यापक सुनील कुमार ने कहा कि सूर्य नमस्कार एक ऐसा व्यायाम है, जिसमें शरीर के सभी अंगों का संतुलित विकास होता है।
यदि इसका नियमित अभ्यास किया जाए तो कई बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अध्यापक बीरेंद्र सिंह, रेखा यादव, जयवीर, मंजू देवी, सतीश कुमार सहित विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।