ब्रॉस मार्केट स्थित कपड़ा दुकान पर गर्मी के मौसम में सूती कपड़ों की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
रेवाड़ी। भीषण गर्मी का असर कपड़ा बाजार पर दिखाई देने लगा है। तापमान और तेज धूप से राहत पाने के लिए लोग सूती कपड़ों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके चलते सूती शर्ट, टी-शर्ट, सूट और अन्य हल्के परिधानों की मांग बढ़ी है। ग्राहकों की बढ़ती पसंद को देखते हुए कारोबारियों ने विभिन्न ब्रांडों की नई रेंज बाजार में उतार दी है।
कपड़ा कारोबारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में ग्राहक सबसे अधिक सूती कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। सूती कपड़े पसीने को जल्दी सोख लेते हैं और लंबे समय तक शरीर को आरामदायक बनाए रखते हैं, इसलिए इनकी मांग बढ़ रही है।
बाजार में फॉर्मल और कैजुअल दोनों प्रकार की सूती शर्ट और टी-शर्ट आकर्षक रंगों और नए डिजाइनों में उपलब्ध हैं। गर्मियों को ध्यान में रखते हुए स्काई ब्लू, सफेद, पिंक सहित अन्य हल्के रंगों के कपड़ों की बिक्री सबसे अधिक हो रही है। कारोबारियों का कहना है कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, ग्राहकों का रुझान भी सूती परिधानों की ओर बढ़ता जा रहा है।
ब्रॉस मार्केट के कपड़ा कारोबारी प्रिंस ने बताया कि उनकी दुकान पर सूती कपड़ों की कई वेरायटियां उपलब्ध हैं, जिन्हें ग्राहक खूब पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ सूती कपड़ों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
दुकानदार जतिन ने बताया कि ग्राहकों की मांग और पसंद को ध्यान में रखते हुए नया स्टॉक मंगवाया गया है। इसमें बेहतर गुणवत्ता और आधुनिक डिजाइनों वाले कपड़े शामिल हैं। बाजार में सूती शर्ट की कीमत 300 रुपये से लेकर 1800 रुपये तक है। व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में तापमान बढ़ने के साथ सूती कपड़ों की मांग में और इजाफा होगा।