रेवाड़ी। रिक्त राशन डिपो के लाइसेंस जारी करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन डिपो के आवंटन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करना और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में राशन उपलब्धता से जुड़ी कठिनाइयों को दूर करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
डीसी ने इच्छुक आवेदकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे निर्धारित पात्रता शर्तों और दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़कर समय सीमा से पहले आवेदन करें। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।