रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्राचार्य मनोज कुमार की अध्यक्षता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएमसी सदस्य कैप्टन फकीर चंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में विंटर एडवेंचर कैंप मनाली में शामिल हुए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि हरियाणा टूरिज्म कॉरपोरेशन चंडीगढ़ और नेशनल एडवेंचर क्लब चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला की ओर से आयोजित विंटर एडवेंचर कैंप मनाली (हिमाचल प्रदेश) में विद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विंटर एडवेंचर कैंप में विद्यार्थियों ने मनाली के दुर्गम स्थानों का भ्रमण कर अनेक एडवेंचर गतिविधियों से संबंधित अनुभव अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा किया।
इस अवसर पर कुमारी तनीषा, चंचल, मांशी, भावना, वंदना, नैना, कंचन, मोनिका, सहदेव, कृष्णा, किशन, गौरव, निकुंज आदि विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रवक्ता सत्ते सिंह,सोमबीर यादव, मीनाक्षी चुग, रेखा रोहिल्ला, पूनम देवी, अध्यापक रविंद्र कुमार सैनी, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, हरिता शर्मा, पूनम देवी, एसएमसी सदस्य प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।