कॉलेज में तिरंगा रैली निकालते विद्यार्थी। स्रोत : कॉलेज
रेवाड़ी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत अहीर कॉलेज में तिरंगा रैली और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना पैदा करना रहा।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. उर्मिला शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने देशभक्ति के नारे लगाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक और आशू ने विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के तहत स्लोगन लेखन प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों ने तिरंगे के सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता से जुड़े आकर्षक स्लोगन लिखकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्राचार्या डॉ. उर्मिला शर्मा ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर प्रो. अत्तर सिंह, मीनाक्षी गोयल, अल्पना यादव, जयश्री, मीना कुमारी, जितेंद्र और राजपाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।