रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को राष्ट्रीय आविष्कार सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को जल संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।
मुख्य वक्ता कंवर सिंह ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि हमे भविष्य में आने वाले जल संकट संबंधी चुनौतियों को पहचान कर आज से ही काम शुरू करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हम वर्षा के जल को घर में ही टैंक बनाकर उसमें एकत्र कर पीने के पानी के रूप में प्रयोग कर सकते है। घर के पानी को नाली में खुला न बहाकर सोखता गड्ढा बनाकर जल स्तर को बचाने में अपना योगदान दे सकते हैं। इस प्रकार जल संरक्षण की दिशा में आम जन द्वारा किए गए छोटे छोटे प्रयास बड़े कारगर साबित हो सकते है। कार्यक्रम प्रभारी प्रवक्ता विक्टोरिया के नेतृत्व में जल संरक्षण पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्रा नीतू ने प्रथम, दीप्ति ने द्वितीय तथा निशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने विजेताओं को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए नकद पुरस्कार प्रदान किए।