छात्र क्रिश को बधाई देते कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के छात्र क्रिश ने भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी जू-जित्सु प्रतियोगिता में प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 20 से 24 अप्रैल तक लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी में आयोजित की गई जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
क्रिश ने 62 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान क्रिश ने कड़े मुकाबलों में धैर्य, तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने क्रिश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उन्होंने क्रिश को आगे भी कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनकी इस सफलता से न केवल इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय बल्कि पूरे रेवाड़ी और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।
खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव और वित्त अधिकारी अनिल कुमार ने भी क्रिश की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, उप-निदेशक देवेंद्र ढाका, योगेश और विक्रम सिंह ने क्रिश को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।