गांव जैतड़ावास में एक छात्रा ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के सही कारणों का तो अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन परिजन उसे काफी समय से मानसिक रूप से परेशान बता रहे है। रामपुरा थाना पुलिस ने फिलहाल सामान्य कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव जैतड़ावास निवासी करीब 22 वर्षीय दीपिका राजकीय महिला महाविद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। कोरोना के चलते कॉलेज बंद होने से वह घर पर ही थी। देर शाम अज्ञात कारणों के चलते दीपिका ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह उसका शव फंदे पर झूलता हुआ देख परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची रामपुरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया तथा परिजनों के बयान पर सामान्य कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।