संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव कंवाली स्थित ग्रामीण खेल स्टेडियम में चल रही हॉकी नर्सरी में अभ्यास करने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों को मंगलवार को खेल सामग्री दी गई।
खिलाड़ियों को खेल सामग्री देने के बाद प्राचार्य अनिल यादव ने कहा कि इस वर्ष स्कूल के खिलाड़ियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने 3.50 लाख रुपये की खेल सामग्री हॉकी स्टिक्स, गोलकीपर किट, लेग गार्ड, गेंद, सॉक्स, फुल ड्रेस, गोल पोस्ट, नेट आदि सामग्री खिलाड़ियों को दी है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा ज्योति और रिंकी ने इस वर्ष स्कूली नेशनल टूर्नामेंट में हरियाणा की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। दोनों ने राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खेलों के क्षेत्र में सूखे की मार झेल रहे पूरे रेवाड़ी जिले का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर हॉकी कोच वीरेंद्र सिंह ने विद्यालय प्राचार्य को आश्वासन दिया कि आने वाले वर्ष में हमारे खिलाड़ी और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गांव तथा विद्यालय का नाम रोशन करेंगे ऐसा हमें पूरा विश्वास है।
इस अवसर पर विजय सिंह, श्रीभगवान, अनिल कुमार, राम सिंह, मिथिलेश कुमारी, सुनीता कुमारी, पूजा यादव, पिंकी यादव, अदिति, किरण कुमारी, सुमेर सिंह, प्रदीप कुमार, करण सिंह, सोनू पीटीआई, विजेंद्र, राकेश, दिनेश, जितेंद्र व रमेश देवी उपस्थित थे।