रेवाड़ी। लंबे समय से कोरोना संकट के चलते जिले के खिलाड़ी अभ्यास से वंचित थे। खिलाड़ियों की प्रतिभा में कोई कमी न आए इसके लिए खेल विभाग की ओर से जिलाभर के स्टेडियमों में करीब 500 खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों प्रशिक्षण शुरू किया जा चुका है। खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को संक्रमण से बचाने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक को आई कार्ड जारी किया गया है। अब केवल पंजीकृत खिलाड़ियों को ही स्टेडियमों में प्रवेश दिया जाएगा। सुबह के समय जब खिलाड़ी मैदानों पर अभ्यास के लिए पहुंचते हैं तो सबसे पहले उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है। इसके उपरांत सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए अभ्यास कराया जा रहा है।
राव तुलाराम स्टेडियम में 80 खिलाड़ी पहुंच रहे प्रशिक्षण को
शहर के राव तुलाराम स्टेडियम में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, तलवारबाजी, जूडो, फुटबाल, खो-खो, क्रिकेट, बास्केटबाल, जिमनास्टिक के लिए करीब 80 खिलाड़ी प्रतिदिन अलग-अलग शिफ्टों में अभ्यास को पहुंच रहे हैं। स्टेडियम के मुख्य गेट पर एक कर्मचारी की तैनाती की गई है जो प्रत्येक खिलाड़ी की थर्मल स्क्रीनिंग कर ही प्रवेश देता है।
जिले में 25 कोच दे रहे प्रशिक्षण
जिलाभर के मैदानों पर 25 कोच 500 खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों का अभ्यास करा रहे हैं। इसमें गुरावड़ा में हैंडबाल, मनेठी में एथलेटिक्स, पांचोर में रेसलिंग, धारूहेड़ा में एथलेटिक्स, कोसली में बॉक्सिंग व कबड्डी, कंवाली स्टेडियम में हॉकी का अभ्यास नियमित रूप से कराया जा रहा है।
नियमित रूप से करते हैं जांच: डीएसओ
जिला खेल अधिकारी परसराम ने बताया कि वह स्वयं नियमित रूप से अभ्यास के दौरान जांच करते हैं। सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों को जागरूक किया गया है। कोरोना संकट के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। लंबे समय से खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पा रहे थे। लेकिन अब खिलाड़ियों के लिए नियमित रूप से अभ्यास शुरू किया जा चुका है।