रेवाड़ी। शहर में चल रहे स्पा सेंटर पर पुलिस ने कार्रवाई की है। वीरवार की शाम को पुलिस ने शहर के सेक्टर पांच स्थित एक स्पा सेंटर पर कार्रवाई करते हुए देह व्यापार मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने यहां से तीन युवक व दो युवतियों के साथ मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि शहर के सेक्टर पांच स्थित सिग्नेचर स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में देह व्यापार होने की सूचना मिली थी। सूचना के पश्चात डीएसपी सुभाष चंद एवं मॉडल टाउन थाना प्रभारी रण सिंह की अगुवाई में दबिश के लिए टीम का गठन किया गया। इसमें पुलिस टीम ने पहले नकली ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को स्पा सेंटर में भेजा। इस दौरान ग्राहक का इशारा मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवक व दो युवतियों को काबू कर लिया। साथ ही स्पा के मैनेजर सुरेंद्र को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ देह व्यापार सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि देह व्यापार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी।