संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सोमवार को अपने कार्यालय में पर्यवेक्षण अधिकारी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण रूप से करवाने के लिए सभी तैयारियों में जुट जाएं तथा चुनाव से संबंधित सभी कार्यों को अति शीघ्र पूरा कर लें।चुनाव से पहले तथा चुनाव के समय प्रत्येक पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को अपने उत्तरदायित्वों की जानकारी होनी चाहिए ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू ढंग से चल सके। कोई भी अधिकारी चुनाव ड्यूटी को लेकर अपने मन में किसी प्रकार का संशय ना रखें और उसे समय रहते दूर कर लें। चुनाव में पुलिस की सतर्कता ही असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगा सकती है। सभी मतदान केंद्रों की खामियों को संबंधित विभाग से पत्राचार करके समय रहते दुरुस्त कराएं। लाइसेंस असला धारकों के शत प्रतिशत असले जमा करवाए। जो लोग अपने लाइसेंसी हथियार जमा नहीं कर रहे उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। सभी अधिकारी चुनाव आयोग के निर्देशों की दृड़ता से पालना करें।
चुनाव के मद्देनजर मादक पदार्थ तस्करी, शराब के खुर्दे, अवैध हथियार तस्करी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी थाना प्रभारी, सीआईए युनिट व चौकी इंचार्ज अपने क्षेत्र में गश्त करते हुए संदिग्ध पर नजर रखें। मीटिंग में डीएसपी हेडक्वार्टर पवन कुमार, सुरक्षा शाखा इंचार्ज निरीक्षक सुरेश कुमार, रीडर एएसआई तेजपाल व सेना लिपिक एएसआई अरुण कुमार मौजूद रहे।