संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के गांव करावरा मानकपुर स्थित एक निजी स्कूल में नई दिशा युवा मंच की ओर से योग एवं ध्यान कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर योगाचार्य दयाराम आर्य और ममता सैनी ने विद्यार्थियों को योगासन कराया। योग का महत्व बताते हुए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
योगाचार्य ने कहा कि विद्यार्थी योग, ध्यान एवं प्राणायाम से न केवल स्वस्थ रह सकते हैं बल्कि अपनी बौद्धिक शक्ति भी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने अनुलोम-विमोल, कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी और प्राणायाम के लाभ बताए और योगाभ्यास कराया। कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल और फास्ट फूड से दूरी बनानी चाहिए। विद्यार्थी जीवन तपस्या के समान है। इन दोनों चीजों से दूरी बनाकर विद्यार्थी शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं। नई दिशा युवा मंच के संयोजक एडवोकेट निशांत यादव ने कहा कि योग आज के समय की आवश्यकता बन चुका है। बच्चों को ध्यान-ज्ञान का महत्व समझाने तथा उनके बौद्धिक विकास के लिए ही इस कैंप का आयोजन किया गया है।