धारूहेड़ा बस स्टैंड के निकट रविवार रात को एक बदमाश ने पैदल जा रहे कंपनी कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल कर मोबाइल छीन फरार हो गया। पीड़ित ने सेक्टर छह थाना में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर के गांव तिबारा निवासी राजेश सैन ने बताया कि वह वर्तमान में वार्ड नंबर चार में किराए पर रहते है और यहां की एक कंपनी में कार्यरत है। रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पैदल बस स्टैंड से अपने कमरे की तरफ जा रहे थे और अपने परिजनों से मोबाइल पर बात कर रहे थे। रास्ते में एक युवक ने अचानक राजेश की आंखों में मिर्च पाउडर डाल मोबाइल छीन कर फरार हो गया। राजेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आंखों से मिर्च पाउडर साफ करने में मदद की।