रेवाड़ी। जिलेभर में रविवार को भाई दूज धूमधाम से मनाया गया। पर्व के चलते बाजार चहलपहल रही। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की।
भाइयों ने अपनी बहन को शगुन के रूप में नकद और उपहार भेंट किए। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के प्रतीक भैया दूज पर दिनभर उत्सव का माहौल रहा। भाइयों ने बहनों को हर स्थिति में रक्षा करने का संकल्प लेते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं। भाई के माथे पर तिलक लगाने के लिए कुछ बहनों ने जहां शुभ मुहूर्त की पालना की वहीं अधिकांश बहनों ने अपने समय और सुविधा के अनुसार परंपरा का पालन किया।
भैयादूज के कारण शनिवार को शहर की सड़कों और बाजारों में भीड़ रही। बहनों ने कपड़ों के साथ गोले की खरीदारी की। जहां कुछ बहनों ने निजी वाहनों से यात्रा की तो काफी बहनें रोडवेज की बसों में सफर करके अपने मायके पहुंची। यात्रियों के आवागमन का दौर देर शाम तक जारी रहा। इस कारण बाजार में देर शाम तक जाम की स्थिति रही। बाजार में भी लोगों ने खरीदारी की। गिफ्ट गैलरियों में भी उपहार खरीदने वालों का उत्साह रहा।
गोले की बिक्री में बढ़ोतरी
भैया दूज के अवसर पर बाजार में गोले की मांग भी काफी बढ़ गई थी। महिलाएं विशेष रूप से इस त्योहार के लिए गोले खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंचती रहीं। दुकानदारों ने इस त्योहार के लिए गोले का स्टॉक पहले से ही तैयार कर रखा था, जिससे बाजार में इसकी बिक्री तेजी से हुई। किराने की दुकानों के अलावा अन्य दुकानदारों पर भी गोले की बिक्री देखने को मिली।